देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 21 विभागों में समूह-ग के कुल 5,131 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आरंभ कर दी है। इस भर्ती के तहत चार विभागों में 257 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिनकी महत्वपूर्ण तिथियां घोषित कर दी गई हैं।
इन पदों में वैयक्तिक सहायक के 249, राज्यपाल सचिवालय में अपर निजी सचिव के तीन, सूचना आयोग में आशुलिपिक सह डाटा एंट्री आपरेटर के तीन, और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद में वैयक्तिक सहायक व आशुलिपिक ग्रेड-2 के दो पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 24 सितंबर से 14 अक्टूबर 2024 तक आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए आयु सीमा 18 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में संशोधन 18 से 21 अक्टूबर के बीच कर सकेंगे। परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 8 दिसंबर 2024 रखी गई है। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि अन्य 4,874 पदों पर भर्ती के लिए प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम 21 अक्टूबर 2024 से 10 सितंबर 2025 के बीच आयोजित किया जाएगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि रिक्तियों की संख्या घटाई या बढ़ाई जा सकती है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले संबंधित पदों के नियमों का भली-भांति अध्ययन करें। किसी भी कठिनाई की स्थिति में अभ्यर्थी आयोग के टोल फ्री नंबर 9520991172 या वाट्सएप नंबर 9520991174 पर संपर्क कर सकते हैं।
तुलसी त्यागी। मुद्दा टीवी