15.2 C
Dehradun

RIMC प्रवेश परीक्षा में देहरादून के राठौड़ भाइयों का जलवा, छोटे भाई अश्विक राठौड़ का ऑल इंडिया में प्रथम स्थान, बड़े भाई अध्ययन राठौड़ भी AIR में प्राप्त कर चुके हैं तीसरी रैंक

Must read

देहरादून। कड़ी मेहनत, अटूट लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से सफलता की नई इबारत लिखते हुए देहरादून के होनहार विद्यार्थी अश्विक राठौड़ ने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (RIMC) की प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) में प्रथम स्थान हासिल कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। छोटी उम्र में हासिल की गई इस शानदार उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है और लोग  राठौड़ परिवार को बधाई संदेश दे रहे हैं।

आपको बता दें RIMC देश के प्रतिष्ठित सैन्य शिक्षण संस्थानों में से एक है, जहाँ विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा के मूल्यों के साथ तैयार किया जाता है। इस संस्थान में कक्षा आठ में प्रवेश दिया जाता है। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान की प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करना अश्विक की प्रतिभा, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

दो भाइयों की असाधारण उपलब्धि, परिवार के लिए गौरव का क्षण

अश्विक की  इस सफलता से पहले भी उनके बड़े भाई अध्ययन राठौड़  भी  इस प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) में तीसरा स्थान हासिल कर चुके हैं और वर्तमान में RIMC में ही अध्यनरत है। एक ही परिवार के दोनों भाइयों द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा में प्रथम और तीसरा स्थान प्राप्त करना उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण का उल्लेखनीय उदाहरण है। दोनों भाइयों की उपलब्धियाँ अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और यह दर्शाती हैं कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास तथा दृढ़ इच्छाशक्ति से असाधारण लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।

पिता अशोक राठौड़ हैं उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत, साफ छवि और लोगो के बीच अच्छे स्वभाव के लिए जाने जाते हैं :

अश्विक और अध्ययन राठौड़ के पिता अशोक राठौड़ उत्तराखंड पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। वे अपने सेवाकाल में कई थानों के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अपनी साफ-सुथरी छवि, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए वे स्थानीय लोगों के बीच पहचाने जाते हैं। पिता अशोक राठौड़ पुलिस सेवा के माध्यम से समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके दोनों बेटे अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों से परिवार और उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। यह उपलब्धि परिवार में अनुशासन, संस्कार, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण के महत्व को भी रेखांकित करती है।

उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मिसाल

अश्विक और अध्ययन राठौड़ की उपलब्धियाँ प्रदेश के उन लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते हैं। दोनों भाइयों की सफलता ने देहरादून और उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

 

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article