उत्तराखंड। कांग्रेस के दिग्गज़ नेता हरीश रावत को लेकर आजकल मीडिया में कई बाते चल रही हैं। सोशल मीडिया में भी खबर चल रही थी कि हरीश रावत पार्टी में रामनगर के युवा नेता संजय नेगी को ज्वाइनिंग करवाना चाह रहे थे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया इसी वजह से हरीश रावत 15 दिन के अवकाश पर चले गए। वही अब खुद हरीश रावत ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात कुछ इस तरह रखी है उन्होंने लिखा है “59 वर्षों से अधिक के परिणय-सूत्र बंधन के इस लंबे दौर में निरंतर कर्तव्यरत रहने के दौरान एक छोटा अर्जित अवकाश लेना मेरा स्वाभाविक अधिकार बनता है। अटूट गठबंधन के दौरान कभी-कभी कुछ ऐसे क्षण आ सकते हैं, जब आप थोड़ी असहजता का अनुभव कर सकते हैं। बड़े परिप्रेक्ष्य में स्थितियों को समझना पड़ता है। मैं विनतीपूर्वक कहना चाहता हूँ कि मेरे इस अर्जित अवकाश को लेकर पक्ष-विपक्ष न बनाया जाए। श्री गोविंद सिंह कुंजवाल जी से मेरा लंबा मानसिक, भावनात्मक संबंध है, उनके शब्द स्वाभाविक हैं। कुछ लोग तो होंगे जिन्होंने मुझे भ्रातिवत या पितृवत माना होगा, उनकी भी कुछ भावनाएं हो सकती हैं, फिर भी मैं माफ़ी चाहूँगा। मुझे हमेशा 59 वर्षों की अथक यात्रा के दौरान इस बात का स्मरण रहा है कि मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूँ, अंतिम रूप से पार्टी के सर्वोच्च नेतृत्व का निर्णय ही मैंने हमेशा शिरोधार्य माना है। कभी थोड़ी विनती कर दी होगी, मगर अनंतोगत्वा शीर्ष के निर्णय को ही शिरोधार्य किया है। इतने लंबे व्रत, जो अब संकल्प का रूप ले चुका है, वह अब न टूटेगा और न बदलेगा।
नौजवान, जिनको 2027 में अपने लिए संभावनाएं दिखाई दे रही हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूँ, महर्षि दधीचि की तरह यदि उन्हें मेरी हड्डियों की आवश्यकता भी होगी, तो हरीश रावत की हड्डियाँ भी उनके भविष्य को संवारने के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगी। अवकाश के दौरान भी मैं निरंतर सक्रिय हूँ और निरंतर अपनी हड्डियाँ घिस रहा हूँ। इस लंबे अंतराल के दौरान मेरा कई लोगों, समूहों, क्षेत्रों, मान्यताओं, जन अपेक्षाओं के साथ जुड़ाव रहा है। जीवन के इस मोड़ में मुझे उनके परामर्श की भी आवश्यकता है और उनसे अपने जुड़ाव को दोहराने के लिए उनके मध्य जाने की आवश्यकता को भी मैं महसूस करता हूँ। मुझको लेकर उत्सुकता रखने वाले समीक्षकों का मैं आभारी हूँ” पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की इस पोस्ट के बाद अब देखना ये होगा कि कांग्रेस पार्टी में 2027के विधानसभा चुनाव में हरीश रावत किस भूमिका में होंगे?