देहरादून । प्रेमनगर से आगे मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक महिला का बोरे में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है शव लगभग 5 दिन पुराना है। वही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची जहां जंगल के अंदर एक महिला का शव सड़ी-गली हालत में पड़ा मिला। इस बीच पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को भी बुला लिया, और घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन अब तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने महिला की पहचान और मामले के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मामला हत्या का है या किसी और वजह से महिला की मौत हुई है।