
बिहार में जातिगत जनगणना, कहीं 2017 के भांति फिर से सत्ता पलट तो नहीं होगा?
जातिगत जनगणना को लेकर एक बार फिर से सियासत तेज हो गई है. केंद्र की मोदी सरकार जातिगत जनगणना के पक्ष में नहीं है, लेकिन बिहार में बीजेपी के समर्थन से चल रही नीतीश सरकार जातिगत जनगणना कराने की जिद पर अड़ी है. सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि राज्य स्तरीय जाति आधारित जनगणना पर काम शुरू करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाएंगे और उसके बाद मंत्रिमंडल से मंजूरी देंगे. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या नीतीश सरकार अपने स्तर पर जनगणना करा सकती है?
बिहार की सियासत में इन दिनों जातिगत जनगणना का मुद्दा गर्म है. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे को लेकर आक्रामक रुख अपना रखा है तो नीतीश कुमार भी उनके सुर में सुर मिला रहे हैं. इस संबंध में तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार के बीच मुलाकात भी हाल में हुई है. सोमवार को नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य स्तरीय जाति आधारित जनगणना जल्दी ही शुरू होगी, जिस पर तेजस्वी यादव से बात भी हो गई है.