देहरादून: आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन प्रदेश में युवा संकल्प दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस खास दिन के मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने राजपुर रोड स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान का दौरा किया और दृष्टिबाधित बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया।मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ मिलकर केक काटा और उन्हें केक खिलाया, जिससे बच्चे खुशी से झूम उठे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की और उनके साथ खुशियों के पल साझा किए।
उच्चतर माध्यमिक आदर्श विद्यालय के दृष्टिबाधित बच्चों ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को एक विशेष उपहार भेंट किया। उन्होंने अपने द्वारा बनाए गए मॉडल को मुख्यमंत्री को सौंपा, जिसे धामी ने सराहा और बच्चों की मेहनत की तारीफ की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस आयोजन पर कहा, “हर बार इस दिन पर बच्चों के बीच आकर मुझे बेहद खुशी होती है। यहां आकर बच्चों की मुस्कान देखना मेरे लिए बहुत खास है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूँ कि आपके उज्जवल भविष्य के सभी सपने पूरे हों और आप सभी अपनी मेहनत और लगन से नई ऊचाइयों को छुएं।”
मुख्यमंत्री धामी के इस पहल से बच्चों और उनके परिवारों में एक नई ऊर्जा और उम्मीद जगी है। प्रदेशभर में उनके जन्मदिन को युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया जा रहा है और जगह जगह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
तुलसी त्यागी। मुद्दा टीवी