हल्द्वानी। मारपीट में घायल हल्दूचौड़ के युवक की सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं मृतक के परिजनों ने मंडी चौकी पुलिस को अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
नारायणपुरम हल्दूचौड़ निवासी संजय पांडे बेरीपड़ाव में एक कंपनी में काम करता था। उसकी पत्नी पहले ही घर छोड़कर जा चुकी है। वह यहां दो साल की बेटी और मां के साथ रहता था। बताया जा रहा कि बीती सात मई को वह ड्यूटी से घर नहीं लौटा। पता चला कि वह अपने दोस्त के साथ गोरापड़ाव गया हुआ है। जहां अज्ञात लोगों ने संजय के सिर पर हमला किया और उसके दोस्त ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई
संजय को लोगों ने सड़क पर पड़ा देखा तो एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। दूसरे दिन उसके दोस्त ने संजय की मां को घटना की जानकारी दी। सोमवार को उपचार के दौरान संजय की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इधर मृतक के परिजनों ने मंडी चौकी पुलिस को अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
राहुल दुमका, मुद्दा टीवी।